
सितंबर महीने के पहले दिन आज आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने एक बार फिर घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (LPG Gas Cylinder) के दाम बढ़ा दिए हैं।
महीने के पहले दिन महंगाई का करारा झटका
नए महीने की शुरुआत आज 1 सितंबर को महंगाई के झटके के साथ हुई है। एलपीजी सिलेंडर और महंगा हो गया है। आज 1 सितंबर 2021 से 14.2 किलोग्राम वाले गैर सब्सिडी घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 25 रुपए बढ़ा दी गई है, जबकि 19 किलोग्राम कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 75 रुपए का इजाफा हुआ है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम बढ़कर 884.50 रुपए हो गया है, इससे पहले 18 अगस्त 2021 को सिलेंडर का दाम 25 रुपए बढ़ा था तथा इससे पहले 1 जुलाई 2021 को रसोई गैस की कीमतों में 25.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।
दिल्ली में अब घरेलू सिलेंडर का दाम 884.5 रुपए
एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी के बाद अब 14.2 किलोग्राम वाला गैर सब्सिडी एलपीजी सिलेंडर दिल्ली-मुंबई में 884.5 रुपए, कोलकाता में 911 रुपए और चेन्नई में 900.5 रुपए बिक रहा है, इससे पहले दिल्ली-मुंबई में सिलेंडर 859.5 रुपए, कोलकाता में 886 रुपए और चेन्नई में 875 रुपए बिक रहा था।
इस साल घरेलू सिलेंडर 190.5 रुपए महंगा हुआ
ध्यान रहे कि 1 जनवरी 2021 से लेकर आज 1 सितंबर 2021 तक इन 8 महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में 190.5 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। 1 जनवरी 2021 को दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 694 रुपए थी जो कि अब बढ़कर 884.5 रुपए पर पहुंच गयी, फरवरी 2021 में घरेलू गैस सिलेंडर का दाम बढ़कर 719 रुपए हो गया, इसके बाद फरवरी में ही 15 फरवरी को सिलेंडर का दाम 769 रुपए, 25 फरवरी को 794 रुएये, 1 मार्च को 819 रुपए, 1 अप्रैल को 809 रुपए, 1 जुलाई को 834.5 रुपए तथा 18 अगस्त को 859.5 रुपए हो गया था।
दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर का दाम 1693 रुपए
घरेलू एलपीजी सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर भी अब 75 रुपए और महंगा हो गया है, दिल्ली में 19 किलोग्राम कमर्शियल गैस की कीमत 1693 रुपए, कोलकाता में कमर्शियल गैस सिलेंडर का भाव 1772 रुपए, मुंबई में 1649 रुपए और चेन्नई में 1831 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया है।