
देश की राजधानी दिल्ली में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने अधेड़ उम्र के पति की हत्या कर दी। इतना ही नहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए पति द्वारा आत्महत्या की जाने की झूठी कहानी भी सुनाई, लेकिन पुलिस को उसकी कहानी में जरा भी सच्चाई नजर नहीं आई और सख्ती से की गई पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
प्रियंका ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की
दिल्ली के बुध विहार इलाके में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने अधेड़ उम्र के पति की हत्या कर दी। इतना ही नहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए पति द्वारा आत्महत्या की जाने की झूठी कहानी भी सुनाई, लेकिन पुलिस को उसकी कहानी में जरा भी सच्चाई नजर नहीं आई और सख्ती से की गई पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला का नाम प्रियंका है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रियंका और उसके पति में 20 साल का अंतर था और इनकी कोई औलाद भी नहीं थी। प्रियंका की उम्र 30 साल है, जबकि उसके पति की उम्र 50 साल थी, प्रियंका अपनी शादी से खुश नहीं थी, जिसकी वजह से उसने अपने प्रेमी करण और उसके भाई के साथ मिलकर अपने पति को मारने की योजना बनाई।
प्रियंका ने मृत पति को अस्पताल भी ले गई
पूछताछ में प्रियंका ने पुलिस को बताया कि उसके पति उसकी शारीरिक इच्छाएं पूरी नहीं कर पाता था, इसी बीच उसकी करण नाम के एक लड़के से दोस्ती हो गई थी और फिर धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। पुलिस ने बताया कि प्रियंका का पति मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया में काम करता था। पति को नींद की गोलियां खिलाने के बाद प्रियंका ने अपने प्रेमी करण और उसके भाई की मदद से अपने पति की एक स्टॉल से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। बाद में प्रियंका ने अपने मृत पति को अस्पताल ले गई और डॉक्टरों को बताया कि उसने आत्महत्या कर ली है, हालांकि, उन पर शक होने के कारण डॉक्टरों ने पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस तीनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, प्रियंका के घर पहुंचने पर पुलिस को आत्महत्या की ओर इशारा करने वाले कोई सबूत नहीं मिले और करण और प्रियंका के बयान भी अलग-अलग थे। जांच में पता चला कि प्रियंका अपने प्रेमी करण से शादी करना चाहती थी और अपने पति की संपत्ति भी हासिल करना चाहती थी, इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।