
बिहार विधानसभा चुनाव, 2020 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने आज 22 अक्टूबर को घोषणा पत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा पत्र का लोकार्पण किया।
घोषणा पत्र में 5 सूत्र, 1 लक्ष्य व 11 संकल्प
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा का घोषणा पत्र जारी किया। भाजपा की ओर से जारी घोषणा पत्र में 5 सूत्र, 1 लक्ष्य, 11 संकल्प का वादा किया गया है, वहीं पार्टी ने सरकार आने पर पूरे बिहार में फ्री कोरोना वैक्सीन लगवाने और 19 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है।
हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं- सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक कोरोना वैक्सीन नहीं आती है, तब तक मास्क ही वैक्सीन है, लेकिन जैसे ही वैक्सीन आएगी तो भारत में उसका प्रोडक्शन बड़े स्तर पर किया जाएगा। सीतारमण ने कहा कि ‘बिहार एक ऐसा राज्य है, जहां सभी नागरिक राजनीतिक रूप से संवेदनशील और अच्छी तरह से जानकारी रखते हैं। वे उन वादों को जानते और समझते हैं जिन्हें पार्टी करती है। अगर कोई भी हमारे घोषणा पत्र पर सवाल उठाता है, तो हम उन्हें विश्वास के साथ जवाब दे सकते हैं। हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं।’
भाजपा के घोषणा पत्र के 11 संकल्प
1. हर बिहारवासी को कोरोना वैक्सीन का नि:शुल्क टीकाकरण करवाना।
2. मेडिकल, इंजीनियरिंग समेत अन्य तकनीकी शिक्षा को हिन्दी भाषा में उपलब्ध कराना।
3. 1 साल में पूरे प्रदेश में 3 लाख नए शिक्षकों की भर्ती करना।
4. नेक्स्ट जेनरेशन आईटी हब में 5 साल में 5 लाख रोजगार।
5. 1 करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का वादा।
6. 1 लाख लोगों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी, वर्ष 2024 तक दरभंगा एम्स को चालू करवाना।
7. धान और गेहूं के बाद दलहन की खरीद भी MSP की दरों पर।
8. 30 लाख लोगों को वर्ष 2022 तक पक्के मकान देने का वादा।
9. 2 साल में 15 नए प्रोसेसिंग उद्योग लगाने का वादा।
10. 2 साल में मीठे पानी में पलने वाली मछलियों का उत्पादन बढ़ाना।
11. किसान उत्पाद संघों की बेहतर सप्लाई चेन बनाना, जिससे 10 लाख रोजगार पैदा होंगे।