बिहार के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। अर्जुन अवॉर्ड विजेता श्रेयसी सिंह दिग्गज इंटरनेशनल शूटर हैं।
श्रेयसी को भूपेंद्र यादव ने दिलाई BJP की सदस्यता
श्रेयसी सिंह ने आज आज 4 अक्टूबर को भाजपा के वरिष्ठ नेता व बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्रेयसी सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। ध्यान रहे कि श्रेयसी सिंह की मां पुतुल सिंह भी सांसद रही हैं। श्रेयसी ने जब भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, तब भाजपा महासचिव अरुण सिंह और बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भी मौजूद थे। चर्चा है कि श्रेयसी सिंह बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।
श्रेयसी ने वर्ष 2018 में स्वर्ण पदक जीता था
गौरतलब है कि निशानेबाज श्रेयसी सिंह के सियासत में कदम रखने की चर्चा तो बहुत दिनों से थी, लेकिन कयास लगाए जा रहे थे कि वे राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। श्रेयसी सिंह ने वर्ष 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2014 के ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भी श्रेयसी सिंह ने रजत पदक जीता था।
