
भारत के उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उप राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से आज 29 सितंबर को एक ट्विट करके इसकी जानकारी दी गई। वेंकैया नायडू की पत्नी उषा नायडू की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।
डॉक्टरों ने नायडू को होम क्वारंटाइन रहने की सलाह दी
उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद फिलहाल खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। ट्विट में कहा गया कि आज सुबह उप राष्ट्रपति की रुटीन कोविड-19 टेस्ट हुई थी, जो पॉजिटिव आई। वेंकैया नायडू में कोरोना के कोई लक्षण नहीं सामने आए हैं, इसीलिए उन्हें एसिम्पटोमेटिक मरीज माना जा रहा है, उन्हें डॉक्टरों ने होम क्वारंटाइन रहने की सलाह दी है। वहीं, वेंकैया नायडू की पत्नी ऊषा नायडू की टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है और वे भी सेल्फ आइसोलेशन में हैं।
संसद के मॉनसून सत्र में शामिल हुए थे नायडू
ध्यान रहे कि उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू हाल ही खत्म हुए संसद के मॉनसून सत्र में शामिल हुए थे। इसके अलावा उन्होंने आज ही फिक्की द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भी भाग लिया था, जिसमें उन्होंने ‘कोविड-19 काल के बाद का वैश्विक स्वास्थ्य’ पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित भी किया था। इस दौरान वैंकेया नायडू ने सभी के लिए बेहतर गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और सस्ती बनाने का आह्वान किया, साथ ही निजी क्षेत्र से देश के ग्रामीण इलाकों में आधुनिक सुविधाओं को विकसित करने को बढ़ावा देने का आग्रह किया।