
दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में पार्टी संगठन के पुनर्गठन प्रक्रिया के दूसरे चरण में विधानसभा क्षेत्रों के लिए अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों की नियुक्ति की है। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि पुनर्गठन प्रक्रिया के दूसरे चरण में दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों को नियुक्त किया गया है।
सभी विधानसभा में अध्यक्ष-संगठन मंत्री नियुक्त
दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में पार्टी संगठन के पुनर्गठन प्रक्रिया के दूसरे चरण में विधानसभा क्षेत्रों के लिए अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों की नियुक्ति की है। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक व दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने बताया कि पुनर्गठन प्रक्रिया के दूसरे चरण में दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों को नियुक्त किया गया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान और वैश्विक माहामारी कोरोना संकट के समय जिन कार्यकर्ताओं ने अच्छी भूमिका निभाई थी, उनको संगठन में महत्व दिया गया है।
कोरोना संकट में बेहतर काम करने वाले को तरजीह
गोपाल राय ने कहा कि एक हफ्ता पहले दिल्ली में पार्टी संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की गई थी, पार्टी ने संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करने के दौरान तय किया था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव, 2020 और कोरोना महामारी के दौरान जिन कार्यकर्ताओं ने बेहतर काम किया है, उनको आगामी निगम चुनाव में जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने दूसरे चरण के तहत कल यानि बृहस्पतिवार को विधानसभा क्षेत्रों के लिए अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों की नियुक्ति की घोषणा की।
अब वार्ड, मंडल व बूथ अध्यक्ष नियुक्त होंगे
गोपाल राय ने कहा कि इसके पहले चरण में आप ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला संपर्क प्रभारी और विधानसभा पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे। अब तीसरे चरण में वार्ड, मंडल एवं बूथ अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। ध्यान रहे कि दिल्ली विधानसभा चुनाव, 2020 में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 70 में से 62 सीटें हासिल की थीं, वहीं भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा था, जबकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी। कांग्रेस को 2015 के विधानसभा चुनाव में भी एक भी सीट नहीं मिली थी।