बिहार के उपचुनाव में दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबला सत्ताधारी राष्ट्रीय जनता दल यानि आरजेडी और मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के बीच रही। मोकामा विधानसभा सीट पर आरजेडी की नीलम देवी ने जीत हासिल की, जबकि गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी ने परचम लहराया।
RJD-BJP ने अपनी सीटें बरकरार रखी
बिहार में हुए दोनों सीटों पर उपचुनाव में आरजेडी और भाजपा ने अपनी सीटें बरकरार रखी है। मोकामा में विधानसभा सीट पर आरजेडी ने जीत का परचम लहराया है, तो वहीं गोपालगंज विधानसभा सीट भाजपा ने जीता है। मोकामा में आरजेडी प्रत्याशी नीलम देवी ने भाजपा की सोनम देवी को 16707 वोटों से हराया है। दरअसल, नीलम देवी बिहार के छोटे सरकार अनंत सिंह की पत्नी हैं। उधर, गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी ने आरजेडी के मोहन प्रसाद गुप्ता को 1789 वोटों से हराया है। कुसुम देवी बिहार के पूर्व सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह की पत्नी हैं, सुभाष सिंह के निधन के बाद गोपालगंज की जनता ने कुसुम देवी पर अपना भरोसा जताया है।
नीलम देवी और कुसुम देवी रहीं विजयी
मोकामा विधानसभा सीट पर आरजेडी प्रत्याशी नीलम देवी को 79646 वोट मिले, जबकि भाजपा की सोनम देवी को 62939 वोट मिले। वहीं, गोपालगंज विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी को 70032 वोट मिले, जबकि आरजेडी उम्मीदवार मोहन प्रसाद गुप्ता को 68243 वोट मिले। ध्यान रहे कि मोकामा विधानसभा सीट पर उपचुनाव अनंत सिंह की सदस्यता खत्म होने के कारण हुई थी, जबकि गोपालगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव सुभाष सिंह के निधन के कारण हुई।