चार राज्यों के 1 लोकसभा तथा 4 विधानसभा उपचुनावों के परिणाम आज आ गए हैं। इस उपचुनाव में बिहार में आरजेडी, छतीसगढ़ में कांग्रेस, महाराष्ट्र में कांग्रेस तथा पश्चिम बंगाल में टीएमसी का जलवा देखने को मिला है, जबकि इन चारों राज्यों में देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा का खाता नहीं खुल पाया है। इन पांचों सीटों पर उपचुनाव 12 अप्रैल 2022 को हुए थे।
चारों राज्यों में भाजपा की करारी हार
बिहार के बोचहा समेत पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में हुए उपचुनाव के नतीजों में भाजपा को आज 16 अप्रैल 2022 को बड़ा झटका लगा है। बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर आरजेडी ने शानदार जीत दर्ज हासिल की है, जबकि पश्चिम बंगाल के आसनसोल लोकसभा सीट तथा बालीगंज विधानसभा सीट पर टीएमसी ने अपना परचम फहराया है। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस तथा महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तरी विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है। इन चारों राज्यों के चार विधानसभा तथा एक लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है।
आसनसोल लोकसभा सीट से शत्रुघ्न सिन्हा जीते
पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर टीएमसी से शत्रुघ्न सिन्हा 3 लाख से ज्यादा वोट से जीते हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा की अग्निमित्र पॉल को हराया। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में ये सीट भाजपा ने जीती थी।
बालीगंज सीट पर बाबुल सुप्रियो को जीत मिली
पश्चिम बंगाल की बालीगंज विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के बाबुल सुप्रियो को जीत मिली। बाबुल सुप्रियो ने सीपीएम की सायरा शाह हलीम को 20 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। सायरा शाह हलीम एक्टर नसीरुद्दीन शाह की भतीजी हैं। ये सीट 2021 विधानसभा चुनाव में टीएमसी से जीते सुब्रत मुखर्जी के निधन की वजह से खाली हुई थी।
बोचहां सीट पर अमर पासवान ने परचम फहराया
बिहार की बोचहां सीट पर राजद उम्मीदवार अमर पासवान को जीत मिली है। अमर पसवान ने भाजपा की बेबी कुमारी को 36 हजार से ज्यादा मतों से हराया। ये सीट 2020 में वीआईपी के टिकट पर जीते मुसाफिर पासवान के निधन की वजह से खाली हुई थी। राजद ने मुसाफिर पासवान के बेटे अमर को टिकट दिया था।
खैरागढ़ सीट पर यशोदा वर्मा को जीत मिली
छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट पर कांग्रेस की यशोदा वर्मा को जीत मिली है। यशोदा वर्मा ने भाजपा के कोमल जंघेल को 20 हजार से ज्यादा वोट से हराया है। 2018 के चुनाव में इस सीट पर जनता कांग्रेस के देवव्रत सिंह जीते थे। देवव्रत के निधन की वजह से इस सीट पर उपचुनाव हुए।
कोल्हापुर उत्तर सीट पर जयश्री जाधव रहीं विजयी
महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर सीट पर कांग्रेस की जयश्री जाधव को जीत मिली है। जयश्री जाधव ने भाजपा के सत्यजीत कदम को 19 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। ये सीट कांग्रेस विधायक और जयश्री जाधव के पति चंद्रकांत जाधव ने निधन की वजह से खाली हुई थी।