नीतीश कुमार की जेडीयू (जनता दल यूनाइटेड) ने पूर्व आईएएस अधिकारी व केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह (रामचंद्र प्रसाद सिंह) का पत्ता काट दिया है। जेडीयू ने झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक खिरू महतो को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है।
RCP की जगह खिरू महतो बने राज्यसभा उम्मीदवार
जेडीयू ने आज 29 मई 2022 को केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह का पत्ता काट कर झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष खिरू महतो को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है। दरअसल, बिहार में जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्र सरकार में मंत्री आरसीपी सिंह, आरजेडी की मीसा भारती समेत कई दिग्गजों की सीटें खाली हो रही हैं, इसमें जेडीयू कोटे की एक सीट खाली हो रही है। ध्यान रहे कि राज्यसभा उम्मीदवार के नाम को लेकर जेडीयू के अंदर कई दिनों से मंथन चल रहा था तथा आरसीपी सिंह के नाम पर सस्पेंस बना हुआ था, जो आज खत्म ह गया। वर्तमान समय में आरसीपी सिंह जेडीयू की तरफ राज्यसभा सदस्य हैं, जिसका कार्यकाल जुलाई 2022 में खत्म हो रहा है। आरसीपी सिंह को जेडीयू लगातार दो बार राज्यसभा भेज चुकी है।
दिल्ली से लेकर पटना तक RCP ने काफी जोर लगाया
हालांकि, यह तो पहले से ही तय माना जा रहा था कि जेडीयू इस बार आरसीपी सिंह को राज्यसभा नहीं भेज रहा है, लेकिन इस हफ्ते दिल्ली से लेकर पटना तक आरसीपी ने काफी जोर लगाया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह समेत कई नेताओं से मुलाकात की, पर अंत में जेडीयू ने उनका पत्ता काटते खिरू महतो को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है। खिरु महतो झारखंड में भी बिहार की तरह शराबबंदी कानून लागू करने की मांग करते रहे हैं।
झारखंड के मांडू सीट MLA रहे हैं खिरू महतो
साल 1953 में हजारीबाग में जन्मे खिरू महतो झारखंड के पूर्व विधायक रहे हैं, वर्ष 2005 के झारखंड विधानसभा चुनाव में मांडू सीट से इन्होंने जीत दर्ज की थी, वे जनता दल यूनाइटेड के टिकट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। सितंबर 2021 में खिरू महतो पर पार्टी ने भरोसा जताते हुए झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। खीरू महतो के साथ गुलाब महतो को पार्टी ने प्रदेश उपाध्य क्ष बनाया था, इन दोनों को यह जिम्मेदारी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने सौंपी थी।
राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 10 जून को होगा चुनाव
गौरतलब है कि बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव होना है, राज्यसभा चुनाव को लेकर अधिसूचना पहले ही जारी हो चुकी है और फिलहाल नामांकन दाखिल करने का काम शुरू है। राज्यसभा चुनाव के लिए 31 मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे, नामांकन पत्रों की जांच 1 जून को होगी और 3 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे, 10 जून को सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी, वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगी।