
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्टीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम पर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है। धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक चार मिनट लंबा वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें उनके क्रिकेट जीवनकाल की झलक नजर आ रही है और बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है।
धोनी का अंतरराष्टीय क्रिकेट से संन्यास
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने आज यानि 15 अगस्त को अंतरराष्टीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम पर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है। धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक चार मिनट लंबा वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें उनके क्रिकेट जीवनकाल की झलक नजर आ रही है और बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है। धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए बहुत धन्यवाद, आज शाम 7.29 बजे के बाद से मुझे रिटायर समझा जाए।
धोनी ने जिताया है वनडे व टी-20 का वर्ल्ड कप
39 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास का ऐलान कर चुके थे, हालांकि, वनडे और टी-20 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने हुए थे, लेकिन अब धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान भी रह चुके हैं, साथ ही धोनी के नाम कई बड़े कीर्तिमान भी दर्ज हैं। धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के सभी कप्तानों में अब तक के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने एक बार वनडे और एक बार टी-20 का वर्ल्ड कप जीता है, जोकि भारतीय क्रिकेट में कीर्तिमान है। धोनी के अलावा भारत ने कपिलदेव के कप्तानी में एक बार वनडे का वर्ल्ड कप जीता है।
धोनी अपना जौहर आईपीएल में दिखाएंगे
महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया हो, लेकिन वो आईपीएल में अपना जौहर दिखाते रहेंगे। इस बार आईपीएल यूएई में होने जा रहा है, जिसमें धोनी मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स की अगुवाई करते दिखेंगे। ध्यान रहे कि धोनी ने साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने क्रिकेट कैरियर की शुरुआत की थी। धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैरियर में 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी-20 मैच खेले हैं। टेस्ट में धोनी ने 144 पारियों में 38.09 की एवरेज के साथ 4876 रन बनाए, जबकि वनडे की 297 पारियों में 50 से ज्यादा की औसत के साथ उन्होंने 10773 रन बनाए हैं। टी-20 में धोनी 85 पारियों में करीब 38 की औसत से 1617 रन बनाए हैं।