
केंद्र की मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में आज पहली दफा केंद्रीय मंत्रिपरिषद में विस्तार किया गया। राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में हुए कार्यक्रम में 43 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
43 मंत्रियों को दिलाई गई पद और गोपनीयता की शपथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रिपरिषद में आज 7 जुलाई को विस्तार और फेरबदल किया गया, जिसमें 43 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मोदी मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए नए मंत्रियों के साथ प्रमोट किए गए मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। मोदी मंत्रिपरिषद में जिन 43 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, उनमें 36 नए चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि 7 वर्तमान राज्यमंत्रियों को पदोन्नत कर कैबिनेट में शामिल किया गया। मंत्रिपरिषद के विस्तार में आज 15 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री और 28 नेताओं ने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, जिनमें 7 महिला नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।
15 कैबिनेट मंत्री तथा 28 राज्य मंत्री बने
मंत्रिपरिषद विस्तातर में नारायण राणे, सर्बानंद सोनोवाल, वीरेंद्र कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरसीपी सिंह, अश्विनी वैष्णव, पशुपति कुमार पारस, किरण रिजिजू, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मंडाविया, भूपेंद्र यादव, पुरुषोत्तम रूपाला, जी किशन रेड्डी और अनुराग ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं, मंत्रिपरिषद विस्ताेर में पंकज चौधरी, अनुप्रिया सिंह पटेल, डॉ. एसपी सिंह बघेल, राजीव चंद्रशेखर, शोभा करांदलाजे, भानू प्रताप सिंह वर्मा, दर्शना विक्रम जर्दोश, मीनाक्षी लेखी, अन्नपूर्णा देवी, ए नारायणस्वामी, कौशल किशोर, अजय भट्ट, बी एल वर्मा, अजय कुमार, देवु सिंह चौहान, भगवंत खुबा, कपिल मोरेश्वर पाटिल, प्रतिमा भौमिक, डॉ. सुभाष सरकार, भागवत किशन राव कराड, डॉ. राजकुमार रंजन सिंह, भारती प्रवीण पवार, विशेश्वर टुडु, शांतनु ठाकुर, डॉ. मुंजापारा महेंद्र भाई, जॉन बार्ला, डॉ. एल मुरुगन और निशिथ प्रमाणिक को राज्या मंत्री बनाया गया है।