नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे।
नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बने मुख्यमंत्री
जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के गांधी मैदान में हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शपथ लेने के बाद मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास गए और उनसे गर्मजोशी से हाथ मिलाए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद उप मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को शपथ दिलाई गई। दोनों उप मुख्यमंत्रियों के बाद 24 अन्य मंत्रियों को राज्यपाल ने शपथ दिलाई। इससे पहले राष्ट्रगान के साथ गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उसके बाद राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का आदेश पढ़ा। बिहार के राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 164 (1) के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री नियुक्त किया। इसके साथ ही राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सलाह से मंत्रिमंडल के सदस्यों की नियुक्ति की।
शपथ ग्रहण समारोह में मोदी व शाह रहे मौजूद
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, आरएमएम प्रमुख्य उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, राजस्थान के भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली की रेखा गुप्ता, हरियाणा के नायब सिंह सैनी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण एनडीए शासित राज्यों के उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इसके अलावा एनडीए के घटक दलों के सांसद, विधायक व प्रमुखों ने भी नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया।
कैबिनेट में सीएम नीतीश समेत 27 सदस्य
नीतीश कुमार कैबिनेट में दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के अलावा 24 अन्य मंत्री हैं- विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, राम कृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, नारायण प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, अरुण शंकर प्रसाद, डॉ. प्रमोद कुमार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, सुनील कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, मोहम्मद जमा खान, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह, संतोष कुमार सुमन और दीपक प्रकाश।