
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य सलाहकार पीके सिन्हा (प्रदीप कुमार सिन्हा) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीके सिन्हा ने कल यानि 15 मार्च, 2021 को ही अपना इस्तीफा सौप दिया था।
2019 से सिन्हा थे PM मोदी के मुख्य सलाहकार
पीके सिन्हा ने अपने इस्तीफे के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। उत्तर प्रदेश कैडर के 1977 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी पीके सिन्हा ने पीएम नरेंद्र मोदी के मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी नृपेंद्र मिश्रा के इस्तीफे के बाद सितंबर, 2019 से ही संभाल रहे थे, इससे पहले पीके सिन्हा को अगस्त, 2019 में प्रधानमंत्री का ओएसडी बनाया गया था तथा इससे पहले उन्होंने चार साल तक कैबिनेट सचिव के रूप में काम किया था।
पीके सिन्हा भारत के 31वें कैबिनेट सचिव थे
ध्यान रहे कि यूपीए सरकार में पीके सिन्हा ने 3 केंद्रीय मंत्रालयों में सचिव के रूप में काम किया था। साल 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद पीके सिन्हा को ऊर्जा सचिव के रूप में बनाए रखा गया था, जबकि जून, 2015 में पीके सिन्हा को कैबिनेट सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था तथा जून, 2019 में उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें एक्सटेंशन दिया गया। पीके सिन्हा भारत के 31वें कैबिनेट सचिव थे।