
रेल यात्रियों का टिकट अब और भी ज्यादा महंगा हो जाएगा। भारतीय रेलवे दोबारा विकसित किए गए स्टेशनों के इस्तेमाल के लिए यात्रियों से 10-35 रुपए तक वसूलेगा।
रेलवे 10-35 रुपए तक वसूलेगा यूजर चार्ज
भारतीय रेलवे यात्रियों से उन स्टेशनों के इस्तेमाल के एवज में यूजर चार्ज वसूलेगा, जिन्हें उसने री-डेवलप किया है। इससे रेलवे के पास और ज्यादा स्टेशनों को डेवलप करने के लिए फंड जमा हो सकेगा। सू्त्रों के मुताबिक, रेलवे ने यह प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे जल्द ही केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। सू्त्रों के मुताबिक, यूजर चार्ज 10 से 35 रुपए तक होगा, एसी फर्स्ट क्लास यात्रियों के लिए यूजर चार्ज इससे ज्यादा भी हो सकता है।
यूजर चार्ज अभी सिर्फ विमान यात्रियों से वसूला जाता है
यूजर चार्ज उन्हीं स्टेशनों के लिए वसूला जाएगा, जिन्हें री-डेवलप किया जाएगा और जिनमें यात्रियों की तादाद ज्यादा होती है, देश भर में 7000 रेलवे स्टेशन हैं, इनमें से 700 से 1000 इस कैटेगरी में आते हैं। देश में यह पहली बार होगा जब ट्रेन का इस्तेमाल करने वाले से यूजर चार्ज वसूलने का प्रस्ताव रखा गया है। अभी तक यूजर चार्ज सिर्फ विमान यात्रियों से वसूला जाता है, यूडीएफ चार्ज अलग-अलग हवाई अड्डों पर अलग-अलग वसूला जाता है, यह शहर दर शहर अलग-अलग होता है।
ज्यादातर प्रमुख स्टेशनों पर लगेगा यूजर चार्ज
रेलवे जो यूजर चार्ज वसूलेगा, उसका इस्तेमाल स्टेशनों पर यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाने में किया जाएगा। यह सुविधा सभी यात्रियों के लिए होगी। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव ने 17 सितंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि सभी 7000 स्टेशनों में यूजर चार्ज नहीं वसूला जाएगा, लेकिन ज्यादातर प्रमुख स्टेशनों पर यूजर चार्ज लगेगा क्योंकि अगले 5 साल में यहां यात्रियों की संख्या काफी बढ़ेगी।