
पंजाब में अगर आज विधानसभा चुनाव हुए तो अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) बाजी मार सकती है। यह जानने के लिए एबीपी न्यूज के लिए भारतीय अंतरराष्ट्रीय मतदान एजेंसी सी-वोटर ने सर्वे किया है।
पंजाब में आप सबसे बड़ी पार्टी बनेगी !
पंजाब में अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे हो गए हैं, अगले साल 2022 में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पंजाब की कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे होने पर एबीपी न्यूज के लिए सी वोटर ने सर्वे किया है। सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक, सत्तारूढ़ कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में झटका लग सकता है और दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पंजाब में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है, जबकि सुखबीर सिंह बादल की शिरोमणि अकाली दल तीसरे और भाजपा चौथे स्थान पर रह सकती है।
आप को मिल सकती है 51-57 सीटें
सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक, पंजाब में अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस को 43-49 सीटें, दिल्ली में सत्तारूढ़ अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप को 51-57 सीटें, शिरोमणि अकाली को 12-18 सीटें तथा भाजपा को 0-5 सीटें मिल सकती है। ध्यान रहे कि पंजाब विधानसभा में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं।
पिछले चुनाव में कांग्रेस को 77 सीटें मिली थी
सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस को 32 फीसदी, आप को 37 फीसदी, शिरोमणि अकाली दल को 21 फीसदी, भाजपा को 5 फीसदी तथा अन्य को 5 फीसदी वोट मिलेंगे। गौरतलब है कि पंजाब में पिछले विधानसभा चुनाव, 2017 में कांग्रेस को 77, आप को 20, शिरोमणि अकाली दल को 15, भाजपा को 3 तथा लोक इंसाफ पार्टी को 2 सीटें मिली थी।