
रामानंद सागर के सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाकर देश के घर-घर में प्रख्यात हुए अभिनेता अरुण गोविल आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, असम और तमिलनाडु तथा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अरुण गोविल का भाजपा में शामिल होना बड़ा अहम माना जा रहा है।
भाजपा में शामिल हुए अरुण गोविल
अरुण गोविल ने आज 18 मार्च को दिल्ली में भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करके राजनीतिक पारी की शुरुआत की है। माना जा रहा है कि अरुण गोविल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में धुआंधार प्रचार करेंगे, ऐसा कहा जा रहा है कि अरुण गोविल पश्चिम बंगाल में करीब 100 सभाएं करेंगे। ध्यान रहे कि भाजपा जहां बंगाल में जय श्रीराम का नारा जोर-शोर से लगा रही है, तो वहीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी चंडी पाठ कर रही हैं, पश्चिम बंगाल चुनाव में अब रामायण के राम के प्रचार से भाजपा को बड़े लाभ होने की उम्मीद है।
रामायण से फेमस हुए अरुण गोविल
रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल की सियासी पारी को लेकर हमेशा चर्चा होती रही, लेकिन वे राजनीति के अखाड़े में अब तक नहीं उतरे थे। अरुण गोविल ऐसे अभिनेता हैं जो 90 के दशक में टेलीविजन सीरियल रामायण से फेमस हुए थे, रामानंद सागर की 90 के दशक में दिखाई जाने वाली ‘रामायण’ की यादें आज भी लोगों के जहन में ताजा है, इस धार्मिक सीरीयल में भगवान राम का किरदार अरुण गोविल ने निभाया था और यहीं से अरुण गोविल ने घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी।
सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं अरुण गोविल
63 वर्षीय अरुण गोविल का जन्म 12 जनवरी, 1958 को उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुआ था। अरुण गोविल ने रामायण के अलावा कई टीवी सीरियल और फिल्मों में काम किया है। अरुण गोविल ने पहेली, सावन को आने दो जैसी फिल्मों में काम किया है, इसके अलावा उन्होंने विक्रम और बेताल, लव-कुश, बुद्ध जैसे सीरियल में भी काम किया है, हालांकि अरुण गोविल को पहचान रामायण के जरिए मिली। ध्यान रहे कि अरुण गोविल अकसर सोशल मीडिया पर रामायण सीरियल से लेकर अन्य तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखते रहे हैं।