बिहार विधानसभा चुनाव, 2020 की तारीखों का ऐलान, तीन चरण में होंगे चुनाव

चुनाव आयोग ने आज 25 सितंबर को बिहार विधानसभा चुनाव, 2020 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव तीन चरण में कराया जाएगा।

10 नवंबर को आएंगे विधानसभा चुनाव के नतीजे
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बिहार विधानसभा चुनाव, 2020 की तारीखों की घोषणा करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरण में होंगे। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर को पहले चरण की वोटिंग, 3 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग तथा 7 नवंबर को तीसरे चरण की वोटिंग होगी, जबकि 10 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। ध्यान रहे कि बिहार विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 29 नवम्बर को समाप्त होगा।

त्योहारों की वजह से चुनाव के चरण कम किए गए
सुनील अरोड़ा ने बताया कि पहले चरण में 16 जिलों के 71 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी, दूसरे चरण में 17 जिलों के 94 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी, जबकि तीसरे चरण में 15 जिलों के 78 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। सुनील अरोड़ा ने कहा कि सुरक्षा बंदोबस्त और त्योहारों के मद्देनजर बिहार विधानसभा चुनाव के चरण कम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने इस बार चुनाव के लिए खास इंतजाम किए हैं। ध्यान रहे कि बिहार में पिछली विधानसभा चुनाव पांच चरण में कराए गए थे।

एक घंटा ज्यादा होगा मतदान
बिहार में इस बार चुनाव का समय बढ़ा दिया गया है। इस बार वोट डालने के लिए चुनाव आयोग ने एक घंटा ज्यादा का समय रखा है। इस बार चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 सात बजे से शाम 6 बजे तक होगा। हालांकि, नक्सल प्रभावित इलाकों में ऐसा नहीं किया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि कोरोना के चलते नए सुरक्षा मानकों के तहत चुनाव होंगे। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की संख्या घटाई जाएगी, एक बूथ पर एक हजार मतदाता होंगे। साथ ही बिहार चुनाव में इस बार एक लाख से ज्यादा पोलिंग स्टेशन होंगे।

बिहार में कुल वोटर करीब 7 करोड़ 18 लाख
पहले चरण के मतदान में करीब 31 हजार बूथ पर वोट डाले जाएंगे, दूसरे चरण में करीब 42 हजार बूथ पर और तीसरे चरण में करीब साढ़े 33 हजार बूथ पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव के दौरान 6 लाख पीपीई किट का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा 46 लाख मास्क, 7 लाख हैंड सैनिटाइजर और 6 लाख फेस शील्ड का इस्तेमाल किया जाएगा। ध्यान रहे कि बिहार में कुल वोटर करीब 7 करोड़ 18 लाख हैं, जिसमें महिला वोटर करीब 3 करोड़ 39 लाख हैं।

बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू
इस बार नामांकन ऑनलाइन भी भरा जा सकता है। नामांकन के दौरान केवल 2 लोग ही जगह पर मौजूद रहेंगे और इसके अलावा प्रचार के दौरान नेताओं या कार्यकर्ताओं को हाथ मिलाने की इजाजत नहीं है। सभी मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर रहेंगे, चुनाव प्रचार वर्चुअल होगा। आपराधिक प्रकरणों के बारे में अखबार में विज्ञापन देना होगा, 5 से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं कर सकते। नामांकन में 2 से ज्यादा वाहनों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। चुनाव प्रचार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन आवश्यक होगा। चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही अब बिहार में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू हो गई है।

Load More Related Articles
Load More By RN Prasad
Load More In देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

PM मोदी बिहार से लोकसभा चुनाव अभियान का आगाज करेंगे, पश्चिम चंपारण के बेतिया में 13 जनवरी को पहली रैली करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत बिहार से कर सकते हैं। न्यूज ए…