बिहार के गया जिले में एक बार फिर नक्सलियों ने तांडव मचाया है। नक्सलियों ने दो महिलाओं समेत चार लोगों की हत्या कर दी तथा चारों को घर के बाहर बने खटाल में फांसी लगा दी।
2 महिलाओं समेत 4 लोगों की हत्या
बिहार के गया मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर डुमरिया प्रखंड के मौनवार गांव में नक्सलियों ने 2 महिलाओं समेत 4 लोगों की हत्या कर दी तथा चारों को घर के बाहर बने खटाल में फांसी लगा दी। मारे गए लोगों में एक ही घर के 2 पति और उनकी पत्नियां हैं। इस घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत फैलाने के इरादे से नक्सलियों ने एक घर को बम से उड़ा दिया और मोटरसाइकिल में आग लगा दी। मारे गए लोगों में सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनोरमा देवी और सुनीता सिंह शामिल हैं।
हत्या के बाद नक्सलियों ने पर्चा लगाया
नक्सलियों ने पर्चा लगाकर कहा है कि जिसमें लिखा है कि इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा ए मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है, ये उनके 4 साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है, आगे भी ऐसी कार्रवाई चलती रहेगी, उन्हें जहर देकर साजिश का शिकार बनाया गया था।
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत
घटनास्थल पर लगाया गया पर्चा जन मुक्ति छापाकार सेना, मध्य जोन झारखंड, भाकपा (माओवादी) के नाम से लगाया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है, कोई भी इस विषय मे ज्यादा कुछ बताना नहीं चाह रहा है। गया मुख्यालय से वरीय अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। इस मामले पर गया के एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा कि ‘नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है, हत्या उसी जगह हुई है जहां 4 नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे, पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।’