
बिहार के मोकामा विधानसभा में हुए उपचुनाव में जबरदस्त जीत हासिल करने वाली आरजेडी के बाहुबली नेता अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी बिहार के नीतीश-तेजस्वी सरकार में आरजेडी कोटे से मंत्री बन सकती हैं। दरअसल, मोकामा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आरजेडी उम्मीदवार नीलम देवी ने भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी को 16 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराकर आरजेडी का सीट बरकरार रखीं।
नीलम देवी बनेंगी बिहार में मंत्री!
मोकामा से आरजेडी विधायक नीलम देवी को बिहार के नीतीश-तेजस्वी सरकार में मंत्री बन सकती है। सूत्रों के मुताबिक, नीलम देवी का बिहार के महागठबंधन सरकार के अगले कैबिनेट विस्तार में आरजेडी कोटे से मंत्री बनना तय है। ध्यान रहे कि महागठबंधन-2 की सरकार बनने के बाद कैबिनेट विस्तार में आरजेडी की तरफ से भूमिहार कोटे से अनंत सिंह के करीबी नेता कार्तिकेय कुमार को मंत्री बनाया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उनके स्थान पर किसी भूमिहार नेता को मंत्री नहीं बनाया गया। सूत्रों के मुताबिक, नीलम देवी भूमिहार कोटे के तहत आरजेडी की तरफ से बिहार सरकार में मंत्री बनेंगी।
नीलम देवी ने सोनम देवी को हराया
गौरतलब है कि मोकामा विधानसभा सीट पर हुआ उपचुनाव राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया था, इस सीट पर 6 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे, लेकिन मुख्य मुकाबला आरजेडी और भाजपा के बीच ही था। मोकामा सीट पर पिछले 5 बार (2005 में दो बार, 2010, 2015 और 2020) से बाहुबली नेता अनंत सिंह विधायक बन रहे थे, लेकिन घर में हैंड ग्रेनेड और एके-47 असॉल्ट राइफल रखने के जुर्म में 21 जून 2022 को उनकी विधानसभा सदस्यता चली गई थी, उन्हें 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। मोकामा उपचुनाव में अनंत सिंह की पत्नी और आरजेडी नेता नीलम देवी की जीत हुई, नीलम देवी ने बाहुबली ललन सिंह की पत्नी और भाजपा नेता सोनम देवी को 16707 वोटों से हराया।