पंजाब के 16वें मुख्यमंत्री बने चरणजीत सिंह चन्नी, रंधावा और सोनी बनाए गए डिप्टी CM

पंजाब के चमकौर साहिब विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के विधायक चरणजीत सिंह चन्नी ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चरणजीत सिंह चन्नी के साथ दो डिप्टी सीएम भी बनाए गए हैं।

चरणजीत सिंह चन्नी ने ली पंजाब के सीएम पद की शपथ
58 साल के चरणजीत सिंह चन्नी ने आज 20 सितंबर को पंजाब के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री हैं। चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण के दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत पंजाब कांग्रेस के तमाम नेता राजभवन में मौजूद थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजभवन पहुंचे लेकिन तब तक चरणजीत सिंह शपथ ले चुके थे। आज के इस शपथ ग्रहण समारोह से कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दूरी बनाए रखी और वह इसमें शामिल नहीं हुए।

रंधावा-सोनी ने ली पंजाब के डिप्टी CM पद की शपथ
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ लेने के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने पंजाब के उप मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली है। इस तरह से पंजाब को अब दो नए डिप्टी सीएम मिले हैं। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी को बारी-बारी से पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। ध्यान रहे कि 18 सितंबर को अचानक कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद में 19 सितंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का नया मुख्यमंत्री चुना गया था।

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं CM चन्नी
चरणजीत सिंह चन्नी दलित सिख (रामदसिया सिख) समुदाय से आते हैं और अमरिंदर सिंह सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के रूपनगर जिले के चमकौर साहिब विधानसभा सीट से विधायक हैं, वह इस क्षेत्र से साल 2007 में पहली बार विधायक बने और इसके बाद लगातार जीत दर्ज की है। चरणजीत सिंह चन्नी शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन सरकार यानि प्रकाश सिंह बादल सरकार के शासनकाल के दौरान साल 2015-16 में पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे।

Load More Related Articles
Load More By RN Prasad
Load More In देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

PM मोदी बिहार से लोकसभा चुनाव अभियान का आगाज करेंगे, पश्चिम चंपारण के बेतिया में 13 जनवरी को पहली रैली करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत बिहार से कर सकते हैं। न्यूज ए…