
कानपुर के बिकरू गांव में बिल्हौर सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी पांच लाख रुपए का इनामी गैंगस्टर विकास दुबे एनकाउंटर में मारा गया। विकास दुबे को कल ही उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया गया था।
विकास दुबे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया
कानपुर के बिकरू गांव में बिल्हौर सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी पांच लाख रुपए का इनामी गैंगस्टर विकास दुबे आज एनकाउंटर में मारा गया। विकास दुबे को कल यानि 9 जुलाई को उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया गया था। यूपी एसटीएफ विकास दुबे को उज्जैन से गाड़ी से कानपुर ला रही ला रही थी, इस दौरान गाड़ी पलट गई, तो विकास दुबे एक पुलिस से हथियार छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया, गाड़ी कानपुर में प्रवेश करने के बाद पलटी। विकास दुबे को गंभीर रूप से घायल की अवस्था में हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विकास दुबे की गैंग ने सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या की थी
इससे पहले कल गिरफ्तारी के बाद विकास दुबे से पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में 2 घंटे से ज्यादा पूछताछ की गई, इसके बाद उसे मध्यप्रदेश पुलिस ने यूपी एसटीएफ को सौंप दिया था। ध्यान रहे कि 2 जुलाई को विकास दुबे को गिरफ्तार करने कानपुर के तीन थानों की पुलिस ने बिकरू गांव में दबिश दी थी, इस दौरान विकास दुबे की गैंग ने बिल्हौर सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। गौरतलब है कि हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे वर्ष 2001 में उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री संतोष शुक्ला हत्याकांड का मुख्य आरोपी था।