
भारत में कोरोना वायरस की तीसरी लहर में बहुत तेजी से गिरावट जारी है। भारत में 663 दिनों के बाद आज सबसे कम कोरोना केस मिले हैं। भारत में आज पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3993 नए केस सामने आए हैं। देश में कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट के चलते सक्रिय मामलों में भी गिरावट देखने को मिल रहा है।
पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3993 नए केस
भारत में कोरोना की तीसरी लहर अब खत्म होने के कगार पर है। भारत में 663 दिनों के बाद आज सबसे कम कोरोना केस मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज 8 मार्च 2022 को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3993 नए केस सामने आए हैं, वहीं 108 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में कोरोना मामलों की कुल संख्या 4 करोड़ 29 लाख 71 हजार 308 हो गई है। देश में अब एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 49 हजार 948 हो गई है। ध्यान रहे कि कल यानि 7 मार्च 2022 को देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4362 नए केस सामने आए थे।
अब तक कोरोना से 515210 मरीजों की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 8 हजार 055 लोग ठीक हुए हैं। देश में कोरोना महामारी से जान गंवाने वालों की अब कुल संख्या बढ़कर 5,15,210 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी तक 4,24,06,150 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।
देश में रिकवरी रेट अब 98.68 फीसदी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में रिकवरी रेट अब 98.68 फीसदी हो गया है। देश में अब दैनिक पॉजिटिविटी रेट 0.46 फीसदी हो गया है, जबकि विकली पॉजिटिविटी रेट 0.68 फीसदी है। ध्यान रहे कि देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,79,13,41,295 खुराक दी जा चुकी हैं।