
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की झंडा संहिता (Flag Code) में बड़ा बदलाव किया है, जिसके तहत अब तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराये जाने की अनुमति रहेगी। साथ ही अब पॉलिएस्टर और मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज का भी उपयोग किया जा सकता है। इससे पहले तिरंगे को केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक फहराने की अनुमति थी।
13-15 अगस्त तक हर घरों में तिरंगा फहराने की अपील
स्वतंत्र भारत के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रही है। इसी के तहत केंद्र सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ प्रोग्राम शुरू किया, जिसके तहत 13 से 15 अगस्त 2022 तक सभी से अपने घर में तिरंगा फहराने की अपील की गई है, इसके लिए केंद्र सरकार ने ध्वज संहिता (Flag Code) में भी बदलाव किया है। अभी तक के नियम के मुताबिक, सिर्फ सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही राष्ट्रीय ध्वज को फहराया जा सकता था, लेकिन नए नियम के हिसाब से अब तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराये जाने की अनुमति रहेगी।