
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा मामले में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने आज देशव्यापी रेल रोको आंदोलन किया। देशभर में रेल रोको आंदोलन का करीब 150 जगहों पर असर देखा गया।
किसानों ने आज ‘रेल रोको’ आंदोलन किया
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने तथा गिरफ्तार करने की मांग को लेकर किसानों ने आज 18 अक्टूबर को ‘रेल रोको’ आंदोलन किया, वे कई जगह रेल की पटरियों पर बैठ गए और ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया जिससे यात्रियों को काफी परेशान हुई। रेल रोको आंदोलन का असर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में साफतौर से दिखाई दिया। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में आज सुबह 10 बजे से शुरू हुआ रेल रोको आंदोलन शाम 4 बजे समाप्त हो गया।
किसानों ने अजय मिश्रा की बर्खास्तगी की मांग की
पंजाब के लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, मोगा, पटियाला, फिरोजपुर तथा हरियाणा के चरखी दादरी, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, जींद, करनाल और हिसार समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए। महिलाओं समेत प्रदर्शनरत किसानों ने भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी तथा गिरफ्तारी की मांग की। रेल रोको आंदोलन के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था।
देशभर में करीब 150 जगहों पर असर
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के ‘रेल रोको’ आंदोलन के तहत उत्तर रेलवे क्षेत्र में करीब 150 स्थानों पर प्रदर्शन किया और 60 ट्रेनों के संचालन में बाधा डाली। उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर) जोन में राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में रेल यातायात प्रभावित हुआ जिसमें 18 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, 10 को आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया और 1 को विरोध के कारण डायवर्ट कर दिया गया।
लखीमपुर खीरी हिंसा में 8 लोगों की हुई थी मौत
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे किसान संघों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने एक बयान में कहा था कि ‘लखीमपुर खीरी मामले में जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक प्रदर्शन तेज किए जाएंगे। संयुक्त मोर्चे ने बताया था कि ‘रेल रोको’ आंदोलन के दौरान सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रेन यातायात रोका जाएगा, रेलवे की किसी भी संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचाए बिना शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा। ध्यान रहे कि लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर को हुई हिंसा में मारे गए 8 लोगों में से 4 किसान थे जिन्हें कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को ले जा रहे वाहन ने कुचल दिया था। किसानों ने दावा किया कि एक वाहन में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा का पुत्र आशीष मिश्रा था, आशीष मिश्रा को इस मामले में 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।