
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के कई शहर इन दिनों शीतलहर की चपेट में हैं, इस वजह से देश की राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में भीषण ठंड पड़ रही है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं अगले 2 दिन तक उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का कहर जारी रहने का अनुमान है।
कई राज्यों में शीतलहर का कहर 21 दिसंबर तक
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर इन दिनों पूरे उत्तर भारत में दिखाई दे रहा है, इस वजह से यहां के कई क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। इस बीच आज 19 दिसंबर को मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का कहर 21 दिसंबर तक जारी रहेगा। दिल्ली मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति 21 दिसंबर तक जारी रहेगी। वहीं शीतलहर की वजह से दिल्ली का अधिकतम व न्यूनतम तापमान कल यानि 18 दिसंबर की तुलना में आज 19 दिसंबर को 2 डिग्री से अधिक तक पारा नीचे गिरा है, जहां 18 दिसंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री व न्यूतनतम तापमान 6.0 डिग्री दर्ज किया गया गया था, तो आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज दर्ज किया गया।
लोधी रोड का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज
शीतलहर की वजह से दिल्ली के तापमान में गिरावट जारी है, इस वजह से आज दिल्ली में लोधी रोड की सुबह सबसे ठंडी रही है, मौसम विभाग ने आज सुबह लोधी रोड का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया है। दिल्ली के आया नगर और पालम की भी आज सुबह ठंडी रही है, मौसम विभाग आज सुबह आया नगर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और पालम का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया है। वहीं आज दिल्ली का अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिसंबर के इस सप्ताह में दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री होना चाहिए, लेकिन आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 17.8 व न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया है, जो 3 डिग्री नीचे है।
कई राज्यों को 20 दिसंबर के बाद राहत मिलेगी
उत्तर भारत में शीतलहर के कहर को लेकर मौसम विभाग ने बीते दिनों येलो अलर्ट जारी किया हुआ था, वहीं मौसम विभाग ने आज 19 दिसंबर को 21 दिसंबर तक शीतलहर का कहर जारी रहने की घोषणा की है, लेकिन उत्तर भारत के कई राज्यों को 20 दिसंबर के बाद से शीतलहर से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 20 दिसंबर को शीतलहर चलने की संभावना बेहद कम है, वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के लोगों को 21 दिसंबर के बाद ही शीतलहर से राहत मिलेगी।