
दिल्ली में आपराधिक घटनाएं एक बार फिर से बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं। दिल्ली के जीटीबी एनक्लेव इलाके में किन्नरों के गुरु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस को शुरुआती जांच में आपसी रंजिश का शक लग रहा है।
अज्ञात बदमाशों ने एकता जोशी को गोली मारी
दिल्ली के जीटीबी एन्क्लेव के जनता फ्लैट में अज्ञात बदमाशों ने किन्नरों के गुरु एकता जोशी की गोली मार कर हत्या कर दी। इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि कल यानि 5 सितंबर को शाम साढ़े 8 बजे एकता जोशी अपने घर आई थीं, जहां अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। बदमाशों ने चार गोलियां चलाईं जिसमें से तीन एकता जोशी को लग गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। आनन-फानन में एकता जोशी को एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को शुरुआती जांच में आपसी रंजिश का शक
दिल्ली पुलिस को शुरुआती जांच में आपसी रंजिश का शक लग रहा है। जानकारी के मुताबिक, मृतक किन्नर एकता जोशी के बेटे ने बताया कि वो कल शाम साढ़े 8 बजे अपनी मां के साथ लक्ष्मी नगर से वापिस अपने घर पहुंचा था, जैसे ही घर के बाहर कार से एकता जोशी उतरी तभी दो बदमाशों ने उस पर चार राउंड गोली चला दी, गोली मारने के बाद बदमाश मौके से स्कूटी पर फरार हो गए। पुलिस को शक है कि कहीं इलाके को लेकर झगड़ा न हुआ हो, दिल्ली में किन्नरों के अलग-अलग ग्रुप हैं और अक्सर इलाके में काम करने को लेकर जैसे कोई ग्रुप किसी दूसरे इलाके में घुस आया तो उस इलाके में काम करने वाले किन्नर झगड़ा कर लेते हैं।