
देश की राजधानी दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में आज लू की स्थिति बनी रही। दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम पारा आज 47 डिग्री से पार चला गया। इस सीजन में इससे पहले 14 मई 2022 को दिल्ली में अधिकतम पारा 47 डिग्री से पार चला गया था।
दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम पारा 47 डिग्री के पार
दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में आज 5 जून 2022 को लू की स्थिति बनी रही, जबकि पिछले साल जून के इस समय एक दिन भी लू वाला दिन नहीं रहा था। आज दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम पारा 47 डिग्री से पार दर्ज किया गया। दरअसल, दिल्ली के लोगों को इस बार मार्च के महीने से ही भीषण गर्मियों का सामना करना पड़ रहा है, नियमित अंतराल पर आने वाले पश्चिमी विक्षोभों की कमी के चलते इस बार दिल्ली के लोग ज्यादा लू के थपेड़े सह रहे हैं। ध्यान रहे कि इससे पहले दिल्ली का अधिकतम पारा 14 मई 2022 को 47 डिग्री से पार चला गया था। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 14 मई 2022 को दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तो नजफगढ़ में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, दोनों ही स्थानों पर पारा सामान्य से कम से कम 7 डिग्री ज्यादा रहा था।