
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर व ऋषि कपूर के छोटे भाई अभिनेता राजीव कपूर का आज 9 फरवरी को निधन हो गया। 58 साल के राजीव कपूर की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई।
अभिनेता राजीव कपूर का निधन
राजीव कपूर को आज दोपहर में मुंबई के चेम्बूर स्थित घर में हार्ट अटैक आया, उसके बाद उन्हें चेम्बूर के इनलैक्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजीव कपूर के निधन के बाद रणधीर कपूर ने बताया कि घर में हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें चेम्बूर के इनलैक्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में भर्ती होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, अफसोस है कि हम उन्हें बचा नहीं सके।
‘राम तेरी गंगा मैली’ से मिली थी पहचान
राजीव कपूर के निधन की खबर मिलते ही पूरा बॉलीवुड जगत शोक में डूब गया। गौरतलब है कि राजीव कपूर राज कपूर के सबसे छोटे बेटे थे। राजीव कपूर एक्टर प्रोड्यूसर और डायरेक्टर थे, उन्होंने साल 1983 में फिल्म ‘एक जान हैं हम’ से डेब्यू किया था। राजीव कपूर को फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से पहचान मिली थी, इसके अलावा वो कई और बड़ी फिल्मों आसमान (1984), लवर बॉय (1985), जबरदस्त (1985) तथा हम तो चले परदेस (1988) में भी नजर आए।
राजीव कपूर का अंतिम संस्कार संपन्न
राजीव कपूर का अंतिम संस्कार आज शाम को चेम्बूर स्थित शवदाह गृह में कर दिया गया। रणधीर कपूर छोटे भाई राजीव कपूर के अंतिम संस्कार में बिल्कुल टूटे नजर आए। ध्यान रहे कि 30 अप्रैल, 2020 को ऋषि कपूर का निधन हुआ था, उस दुख से कपूर परिवार अभी बाहर भी निकल नहीं पाया था कि राजीव कपूर परिवार को सदमा देकर चले गए। रणबीर कपूर ने चाचा राजीव कपूर को कंधा दिया तथा पूरे परिवार ने राजीव कपूर को नम आंखों से विदाई दी।