सोशल मीडिया की दुनिया पर इस समय Bulli Bai ऐप को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। Bulli Bai ऐप की लगातार आलोचना की जा रही है। आरोप है कि Bulli Bai ऐप पर मुस्लिम महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की जा रही हैं।
‘बुल्ली बाई’ को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल
सोशल मीडिया पर इस समय एक ऐप को लेकर बवाल मचा हुआ है, इस ऐप का नाम ‘बुल्ली बाई’ (Bulli Bai) है। आरोप है कि इस ऐप पर मुस्लिम महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की जा रही हैं और उनकी तस्वीरें अपलोड की गईं हैं। इतना ही नहीं आरोप है कि इन तस्वीरों का सौदा हो रहा है। इस मामले में तब बवाल मचा जब एक महिला पत्रकार की तस्वीरों को भी आपत्तिजनक कंटेंट के साथ शेयर किया जा रहा है। इस मामले को लेकर शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
बुल्ली बाई पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों से छेड़छाड़
दरअसल, आरोप है कि ‘बुल्ली बाई’ नामक ऐप पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों से छेड़छाड़ किया जा रहा है, इसे सोशल मीडिया पर हैशटैग की तरह भी इस्तेमाल किया जा रहा है। महिला पत्रकार ने आरोप लगाया कि उसके साथ भी ऐसा किया गया है, उनकी तरफ से पुलिस में शिकायत भी की गई है। इस मामले को उठाते हुए शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने 1 जनवरी 2022 को कहा कि होस्टिंग प्लेटफॉर्म गिटहब का इस्तेमाल करते हुए सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें एक ऐप पर अपलोड की गई हैं।
इस मामले को प्रियंका चतुर्वेदी ने पुलिस के सामने उठाया
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने इस मामले को मुंबई पुलिस के सामने उठाया है और मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। प्रियंका चतुर्वेदी ट्वीट किया कि मुंबई पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त, क्राइम रश्मि करांदिकर से बात की है, वे इसकी जांच करेंगे, महाराष्ट्र के डीजीपी से भी हस्तक्षेप करने के लिए बात की है, उम्मीद है कि इस तरह की गलत साइट के पीछे जो लोग हैं उन्हें पकड़ा जाएगा।
प्रियंका ने वैष्णव से कार्रवाई करने का आग्रह किया
इसके अलावा प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मैंने केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री माननीय अश्विनी वैष्णव से उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया जो सुल्लीडील्स जैसे प्लेटफार्म के जरिए महिलाओं को निशाना बना रहे हैं, शर्म की बात है कि इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।
मुंबई पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में लिया
वहीं दूसरी तरफ मुंबई पुलिस ने अपने एक बयान में बताया कि इस मामले को संज्ञान में लिया गया है और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई साइबर पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री के संबंध में जांच शुरू कर दी है। ध्यान रहे कि बुल्ली बाई (Bulli Bai) की ही तरह सुली डील भी एक ऐसा ऐप है जिस पर आरोप लगाया गया है कि यहां भी मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों को शेयर किया गया है और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई हैं।