
राजस्थान में जारी सियासी घटनाक्रम के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया का बड़ा बयान सामने आया है। पीएल पुनिया ने कहा है कि सचिन पायलट अब भाजपा में हैं।
पीएल पुनिया का सचिन पायलट पर बड़ा बयान
राजस्थान में जारी सियासी घटनाक्रम के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीएल पुनिया ने कहा है कि सचिन पायलट अब भारतीय जनता पार्टी में हैं। ध्यान रहे कि सचिन पायलट ने कहा है कि वो भारतीय जनता पार्टी में नहीं जाएंगे, जबकि उन्होंने आधिकारिक तौर पर अभी तक कांग्रेस पार्टी से खुद को अलग भी नहीं किया है।
सचिन पायलट अब भाजपा में हैं– पीएल पुनिया
पीएल पुनिया ने कहा कि सचिन पायलट अब भारतीय जनता पार्टी में हैं और भाजपा का कांग्रेस पार्टी के प्रति क्या रवैया रहता है, ये सभी को पता है, हमें भाजपा से प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है, कांग्रेस पार्टी में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है। ध्यान रहे कि राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट अभी दिल्ली में हैं और उन्होंने खुले तौर पर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ असंतोष प्रकट किया है, पायलट का दावा है कि उन्हें कांग्रेस के 30 विधायकों और कुछ अन्य निर्दलीय सदस्यों का समर्थन प्राप्त है।
पायलट गहलोत से आर-पार की लड़ाई के मूड में
गौरतलब है कि राजस्थान में कांग्रेस की गहलोत सरकार पर सियासी संकट मंडरा रहा है और ये दो गुटों में बट गई है। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष व राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। सूत्रों के मुताबिक, सचिन पायलट भाजपा का दामन थाम सकते हैं तथा राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार का हश्र वही होगा, जो मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार का हुआ था।