भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रमोद सावंत ने आज गोवा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है, वो लगातार दूसरी बार गोवा के सीएम बन गए हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री के तौर पर प्रमोद सावंत पर भरोसा जताया है। प्रमोद सावंत के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए।
श्रीधरण पिल्लई ने दिलाई प्रमोद सावंत को शपथ
प्रमोद सावंत ने आज 28 मार्च 2022 को लगातार दूसरी बार गोवा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रमोद सावंत को गोवा की राजधानी पणजी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित एक समरोह के दौरान गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरण पिल्लई ने प्रमोद सावंत को सीएम पद की शपथ दिलाई। प्रमोद सावंत तीसरी बार विधायक चुने गए हैं, वे विधानसभा के पूर्व स्पीकर भी रह चुके हैं। प्रमोद सावंत उत्तरी गोवा के सांखालिम से विधायक हैं, वे साल 2017 में विधानसभा अध्यक्ष चुने गए थे। प्रमोद सावंत मार्च 2019 में पहली बार गोवा के सीएम बने, वे पेशे से एक आयुर्वेद चिकित्सक हैं।
सावंत के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे PM मोदी
प्रमोद सावंत के साथ ही पूर्व सीएम प्रताप सिंह राणे के बेटे विश्वजीत राणे को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, वे वालपोई सीट से विधायक चुने गए हैं, वह चौथी बार विधायक बने हैं। इसके अलावा रवि नाईक, नीलेश कब्रल, विश्वजीत राणे, माविन गुदिन्हो, सुभाष शिरोडकर को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। प्रमोद सावंत के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए।