
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के संपन्न होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता पुष्कर सिंह धामी आज उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री बने हैं। पुष्कर सिंह धामी ने आज लगातार दूसरी बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने दिलवाई धामी को शपथ
पुष्कर सिंह धामी ने आज 23 मार्च 2022 को उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनियता की शपथ ली। उत्तरखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलवाई। उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनकर पुष्कर सिंह धामी ने रिकॉर्ड बनाया है। पुष्कर सिंह धामी के साथ 8 कैबिनेट मंत्रियों सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य, प्रेमचंद अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा और चंदन राम ने भी शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे मोदी-शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व कई वीवीआईपी की मौजूदगी में देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह पहली बार राजभवन से निकलकर परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया।
धामी को चुनाव हारने के बाद भी बनाया गया सीएम
ध्यान रहे कि उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत दर्ज की, भाजपा के इस जीत ने प्रदेश की राजनीति में कई रिकॉर्ड बनाए हैं, जहां एक तरफ पार्टी ने 70 में 47 सीटों पर जीत कर पहाड़ी राज्य में सत्ता पर दोबारा काबिज होने के लिए मार्ग प्रशस्त किया, वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी को चुनाव हारने के बाद भी दोबारा मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद एक नए राजनीतिक अवधारणा की शुरुआत की है।