
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के हिंदूराव अस्पताल में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ई-संजीवनी सेवा का शुभारंभ किया। ई-संजीवनी सेवा से मरीजों के लिए एक ऑनलाइन ओपीडी की सेवा शुरू होगी।
हिंदूराव अस्पताल में ई-संजीवनी सेवा का शुभारंभ
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 6 जून 2022 को दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल में ई-संजीवनी सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार मौजूद रहे जिन्होंने बताया कि ई-संजीवनी सेवा अस्पताल में मरीजों के लिए एक ऑनलाइन ओपीडी की सेवा प्रदान करेगी। दरअसल, भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से टेली कंसल्टेंट सेवाओं की तरह इस परियोजना को लाया गया है।
एमसीडी अपने सभी दफ्तरों को बनाएगी पेपरलेस
दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान मरीजों के लिए ऑनलाइन ओपीडी और टेली कंसलटेंट एक विकल्प के रूप में उभर कर सामने आया, जिससे दिल्ली नगर निगम को एक अवसर मिला और इसी कड़ी में एमसीडी अपने सभी दफ्तरों को पेपरलेस बनाने को लेकर काम कर रही है, इसी कड़ी में हिंदू राव अस्पताल में ई-संजीवनी ओपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं।
मरीजों को 24 घंटे मिलेंगी ई-संजीवनी OPD की सेवाएं
ध्यान रहे कि दिल्ली नगर निगम देश का पहला ऐसा निगम होगा, जो 24 घंटे ई-संजीवनी ओपीडी सेवाएं प्रदान करेगा। दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार ने कहा कि यह सेवा संजीवनी ओपीडी नामक ऐप के माध्यम से मरीज और डॉक्टर के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जरिए दी जायंगी, यह सेवा गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध है। अश्विनी कुमार ने बताया कि यह ई-संजीवनी सेवा डॉक्टरों के लिए रोगी के व्यापक डिजिटल डेटा तक पहुंच होगी और मरीजों को त्वरित और समय पर इलाज मिलेगा।
कोरोना के समय हिंदूराव ने सराहनीय कार्य किया- एलजी
इस मौके पर दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार, दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार और दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती, उपराज्यपाल की सचिव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि ये उनके लिए सौभाग्य कि बात है कि आज दिल्ली के हैरीटेज हिंदूराव अस्पताल में इस ई-संजीवनी सेवा का शुभारंभ किया गया है, मैं आशा करता हूं कि आने वाले समय में मैं दिल्ली के नागरिकों के लिए एक संजीवनी कि तरह कार्य करूंगा, जब कोरोना महामारी से हमारा देश घिरा हुआ था तब हिंदूराव अस्पताल ने नागरिकों के लिए सराहनीय कार्य किया था।
देश में 3.50 करोड़ नागरिक ले चुके हैं ई-संजीवनी सेवा
विनय कुमार सक्सेना कहा कि दिल्ली नगर निगम के अस्पतालों और विद्यालयों को ज्यादा से ज्यादा फंड उपलब्ध हो इसके पूरे प्रयास किए जाएंगे, ताकि इन्हें विश्व स्तरीय बनाया जा सके। दिल्ली के मुख्य सचिव दिल्ली नरेश कुमार ने बताया कि ई-संजीवनी एक मूक क्रांति हैं, जिससे एक बहुत बड़ा बदलाव आएगा, ई-संजीवनी सेवा एक संजीवनी के रूप में उभर कर आ रही है, अभी तक देश में 3.50 करोड़ नागरिक ई-संजीवनी सेवा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं और करीब 2 लाख नागरिक प्रतिदिन इस सेवा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, तत्काल परामर्श के लिए ई संजीवनी सेवा बहुत ही लाभदायक है।