पश्चिम बंगाल के बैरकपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद अर्जुन सिंह ने आज ममता बनर्जी की टीएमसी का दामन थाम लिया है। अर्जुन सिंह इससे पहले भी टीएमसी में थे, लिहाजा यह उनकी घरवापसी है।
अर्जुन सिंह टीएमसी में हुए शामिल
पश्चिम बंगाल में आज 22 मई 2022 को भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। भाजपा सांसद और पार्टी उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह आज टीएमसी में शामिल हो गए है। अर्जुन सिंह पश्चिम बंगाल के बैरकपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। अर्जुन सिंह ने कोलकाता में टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने भाजपा को छोड़कर टीएमसी में शामिल होने की घोषणा कर दी। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से अर्जुन सिंह भाजपा से नाराज चल रहे थे।
दिनेश त्रिवेदी को हराकर लोकसभा पहुंचे थे अर्जुन सिंह
ध्यान रहे कि अर्जुन सिंह दबंग छवि के नेता माने जाते हैं, वो पहले टीएमसी में ही थे, लेकिन लोकसभा चुनाव 2019 से पहले टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। लोकसभा चुनाव 2019 में पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी को हराकर अर्जुन सिंह लोकसभा का चुनाव जीता था। अर्जुन सिंह की बैरकपुर क्षेत्र में लोकप्रियता लोगों के सिर चढ़कर बोलती है, टीएमसी में उनकी घरवापसी से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह है, जबकि भाजपा खेमे में उदासी है।
अर्जुन सिंह से पहले बाबूल सु्प्रियो ने छोड़ा था भाजपा
गौरतलब है कि अर्जुन सिंह से पहले भाजपा सांसद बाबूल सु्प्रियो ने टीएमसी का दामन थामा था। ऐसे में अब टीएमसी ने भाजपा के दूसरे सांसद को अपने खेमें में लाने में सफलता हासिल की है। अर्जुन सिंह का भाजपा छोड़ना पार्टी के लिए इसलिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है कि क्योंकि कुछ दिनों पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया था।