प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इंडिया गेट पर ‘कर्तव्य पथ’ का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी इंडिया गेट नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। दरअसल, कल यानि 7 सितंबर 2022 को एनडीएमसी ने राजपथ (Rajpath) का नाम बदलकर ‘कर्तव्य पथ’ (Kartavya Path) करने को मंजूरी दी थी। कर्तव्य पथ करीब 3 किलोमीटर लंबा है।
शाम 7 बजे होगा कर्तव्य पथ का उद्घाटन
आज 8 सितंबर 2022 से राजपथ का नाम बदल जाएगा। विजय चौक और इंडिया गेट जिस सड़क से जुड़ती है, वो राजपथ अब इतिहास बन जाएगा। ना सिर्फ राजपथ का नाम बदल रहा है, बल्कि राजपथ की पूरी सूरत ही बदल जाएगी। करीब 3 किलोमीटर लंबा राजपथ नए रूप में अब कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 7 बजे कर्तव्य पथ का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे।
कैसा है कर्तव्य पथ?
राजपथ की जगह अब कर्तव्य पथ की बात करें तो ये कर्तव्य पथ करीब 3 किलोमीटर लंबा है, इस पर 4087 पेड़ हैं, इस पर 114 आधुनिक इंडिकेटर हैं, 900 से अधिक लाइट्स लगे हैं, 8 सुविधा खंड बनाए गए हैं। कर्तव्य पथ का क्षेत्रफल 1,10,457 वर्ग मीटर है, 987 कंक्रीट के बने मोटे खंभे लगे हैं। इसके अलावा इसमें 1,490 मैनहोल बने हैं, 4 पैदल यात्री अंडरपास बने हैं, 422 बेंच हैं जो लाल ग्रेनाइट से बनीं हैं। कर्तव्य पथ पर 6 नए पार्किंग स्थल बने हैं, 6 वेंडिंग जोन बने हैं, 1580 लाल-सफेद बलुआ पत्थर के बोलार्ड्स बने हैं, कूड़े के लिए 150 डस्टबिन लगाए गए हैं और इस कर्तव्य पथ के किनारे 19 एकड़ में फैली नहर को फिर से विकसित किया गया है।