
शिबू सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर आज एक बड़ा फैसला लिया है। जेएमएम अध्यक्ष शिबू सोरेन ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है।
जेएमएम ने किया द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्षी खेमा अब पूरी तरह से अलग-थलग पड़ता नजर आ रहा है। शिवसेना, टीडीपी के बाद अब झारखंड में सत्तारूढ़ जेएमएम ने भी एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बयान जारी करके कहा है कि ‘आगामी राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं, आजादी के बाद पहली बार किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त होने वाला है।’
शिबू सोरेन ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष मे जारी किया फरमान
जेएमएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन ने बयान जारी करते हुए कहा है कि ‘अतएव सम्यक् विचारोपरांत पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लेती है, आप सभी सांसदों और विधायकों को निर्देशित किया जाता है कि राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे।’