नहीं रहे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, 82 साल की उम्र में ‘नेताजी’ ने दुनिया को कहा अलविदा

सपा (समाजवादी पार्टी) सरंक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज निधन हो गया। वे 82 साल के थे। मुलायम सिंह यादव को यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ के चलते 2 अक्टूबर 2022 को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उनकी तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी।

मुलायम सिंह का 82 वर्ष की उम्र में निधन
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का आज 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आज सुबह 8:16 बजे मुलायम सिंह ने दुनिया को अलविदा कह दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह के निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि मेरे आदरणीय पिताजी और सबके नेताजी नहीं रहे। मुलायम सिंह यादव के निधन से देशभर में उनके समर्थकों और पार्टी लाइन से ऊपर उठकर विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़कर काम करने वाले राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। ध्यान रहे कि पिछले कई दिनों से मुलायम सिंह की सेहत को लेकर देशभर में चिंता जताई जा रही थी।

मुलायम सिंह पहली बार 1967 में बने थे MLA
मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को यूपी के इटावा जिले के सैफई में हुआ था। वो राजनीति शास्त्र में एमए पास थे, वह 1967 में पहली बार यूपी के जसवंत नगर से विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे और फिर उन्होंने अपने राजनीतिक कैरियर में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मुलायम सिंह 8 बार विधायक निर्वाचित हुए तो वहीं 7 बार निर्वाचित होकर लोकसभा सांसद बने। देश के रक्षा मंत्री रहते मुलायम सिंह यादव ने सीमा पर जाकर सेना का दिल जीत लिया था। मुलायम सिंह यादव सैफई से सत्ताे के शिखर तक का सफर बड़े ही संघर्षों के साथ तय किया था।

मुलायम सिंह 3 बार रहे यूपी के सीएम
मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक कैरियर बेहद शानदार रहा है। 1977 में वह पहली बार जनता पार्टी से यूपी के मंत्री बने थे, जबकि 1989 में वह पहली बार यूपी के सीएम बने, इसके बाद 1993 में दूसरी और फिर 2003 में तीसरी बार सीएम पद पर काबिज हुए। मुलायम सिंह ने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी और 1993 में बसपा के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। मुलायम सिंह बेटे अखिलेश यादव के समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष चुने जाने के बाद वह इसके संरक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे थे। मुलायम सिंह यादव फिलहाल लोकसभा में मैनपुरी सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

Load More Related Articles
Load More By RN Prasad
Load More In देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

हेमंत सोरेन ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, तीसरी बार बने झारखंड के मुख्यमंत्री

झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने एक बार फिर आज गुरुवार को (4 जुलाई…