दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवासियों को बड़ी राहत दी है। दिल्ली सरकार सभी श्रेणियों के लिए सर्कल दरों में 20 फीसदी की छूट 30 जून 2022 तक जारी रखेगी
20 फीसदी की छूट 30 जून 2022 तक जारी
दिल्ली सरकार ने 30 दिसंबर को जमीन और अचल संपत्ति के लिए सर्कल रेट पर 20 फीसदी की छूट को 30 जून 2022 तक बढ़ा दिया है। दिल्ली राजस्व विभाग द्वारा जारी एक आदेश में इस बात की जानकारी दी गई है। आदेश के मुताबिक, सर्किल रेट में कटौती का विस्तार तत्काल प्रभाव से लागू होगा। एक ट्वीट में दिल्ली के राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा घोषित सभी श्रेणियों के लिए सर्कल दरों में 20 फीसदी की छूट 30 जून 2022 तक जारी रहेगी।
20 फीसदी छूट से रियल स्टेट को मिलेगी मदद
कैलाश गहलोत ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में हम सभी दिल्लीवासियों को आश्वस्त करते हैं कि हम जरूरत के समय अपने लोगों के साथ खड़े होना जारी रखेंगे। कैलाश गहलोत ने आदेश की एक प्रति भी साझा की है। आदेश में लिखा है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा दिल्ली में भूमि और अचल संपत्तियों के मूल्यांकन के लिए 30.06.2022 तक न्यूनतम दरों (सर्कल दरों) में 20 फीसदी की छूट के विस्तार को अधिसूचित करते हैं। अधिकारियों ने कहा कि छूट योजना फरवरी 2021 में कोरोना महामारी के बीच शुरू की गई थी और 30 सितंबर 2021 को समाप्त होनी थी, वहीं सितंबर में इसे बढ़ाकर 31 दिसंबर 2021 कर दिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि सर्कल रेट में 20 फीसदी की छूट के विस्तार से दिल्ली के कोविड प्रभावित रियल एस्टेट क्षेत्र को मदद मिलेगी।