
बिहार में नीतीश-तेजस्वी की सरकार बनने के अब कैबिनेट विस्तार में शामिल होने के लिए आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज दिल्ली से पटना आएंगे। लालू यादव के पटना पहुंचने के बाद आरजेडी कोटे से मंत्री बनाए जाने वाले सभी नामों पर फाइनल मुहर लगेगा।
आरजेडी में 9 संभावित मंत्रियों का नाम तय
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अब मंत्रिमंडल का विस्तार होना है, इसको लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज 15 अगस्त 2022 को पटना आने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरजेडी कोटे से कुल 15 मंत्री बनाए जा सकते हैं, इसमें लगभग 9 नेताओं का नाम तय भी हो गया है, जो मंत्री बन सकते हैं। लालू यादव के बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव, रामानंद यादव, कुमार सर्वजीत, प्रो. चंद्रशेखर, अनिता देवी, कार्तिक सिंह, आलोक मेहता (अगर स्पीकर नहीं बने तब), जितेंद्र राय और रणविजय साहू का नाम लगभग तय है।
स्पीकर का पद आरजेडी को मिलेगा
अवध बिहारी चौधरी या आलोक मेहता में से कोई स्पीकर बन सकता है, जो नहीं बना वह मंत्री बनेगा। जो मंत्रालय आरजेडी को मिल सकता है उसमें से कुछ यह हैं- वित्त मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, पथ निर्माण विभाग, खान एवं भूतत्व, राजस्व एवं भूमि सुधार, नगर विकास एवं आवास, श्रम संसाधन विभाग, सड़क परिवहन मंत्रालय, पर्यटन और कृषि विभाग। यह ऐसे मंत्रालय हैं जो आरजेडी के कोटे में जा सकता है।
कैबिनेट विस्तार की तिथि की घोषणा आज संभव
महागठबंधन के मंत्री 16 अगस्त 2022 को शपथ ले सकते हैं, वहीं आज देर शाम तक इसका औपचारिक ऐलान भी हो सकता है। आरजेडी के कोटे के संभावित मंत्रियों से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने एक-एक कर बातचीत भी की है, 15 में से 9 नाम अब तक सामने आए हैं, वो 15 मंत्री कौन होंगे इसकी औपचारिक सूची आज देर शाम तक आरजेडी की ओर से जारी हो सकता है।
तेजस्वी RJD को ए टू जेड बनाने की कोशिश में
सूत्रों के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव मंत्रियों का नाम फाइनल करने में भूमिका निभा रहे हैं, तेजस्वी यादव कुल 30 नेताओं के नाम की सूची लेकर दिल्ली गए थे, उसमें से 9 पर मुहर लगता दिख रहा है। आरजेडी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने पर मंथन हो रहा है। आरजेडी मंत्रिमंडल में सामाजिक समीकरण को साधने की पूरी कोशिश कर रहा है, महिलाओं को भी तरजीह दी जा रही है, 2 महिलाओं को मंत्री बनाया जा सकता है, सवर्णों को भी तरजीह दी जा रही है, तेजस्वी अपनी पार्टी को ए टू जेड बनाने की कोशिश में लगे हैं, मंत्रिमंडल में भी इसकी झलक दिखेगी।