
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने संसद को बताया कि साल 2014 के बाद केंद्र सरकार में 7 लाख 22 हजार 311 लोगों को नौकरियां दी गई है, इस दौरान नौकरियों के लिए 22 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले।
संसद में जितेंद्र सिंह ने लिखित जवाब दिया
नौकरियों में कटौती को लेकर विपक्ष के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने संसद में बताया है कि साल 2014 के बाद से अब तक 7 लाख 22 हजार 311 पदों पर केंद्र सरकार में नौकरियां दी गई है। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लिखित जवाब में कहा कि इसी दौरान नौकरियों के लिए 22 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले।
7 लाख 22 हजार 311 पदों पर नौकरियां दी गई
लिखित जवाब के मुताबिक, साल 2014-15 में 1 लाख 30 हजार 423 लोगों को नौकरियां मिली, साल 2015-16 में 1 लाख 11 हजार 807, साल 2016-17 में 1 लाख 1 हजार 333, साल 2017-18 में 76 हजार 147, साल 2018-19 में 38 हजार 100, साल 2019-20 में 1 लाख 47 हजार 96, साल 2020-21 में 78 हजार 555 और साल 2021-2022 में 38 हजार 850 लोगों को नौकरियां दी गई।
विपक्ष का बेरोजगारी-महंगाई को लेकर केंद्र पर सवाल
ध्यान रहे कि विपक्ष लगातार बेरोजगारी और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा हर 1 साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई। विपक्ष के हमलावर रुख की वजह से संसद में गतिरोध बना हुआ है। केंद्र सरकार का कहना है कि वह हर एक मसले पर चर्चा के लिए तैयार है।