
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के संपन्न होने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने आज लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही अब दोनों नेता विधायक बने रहेंगे।
अखिलेश-आजम ने दिया LS की सदस्यता से इस्तीफा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज 22 मार्च 2022 को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलकर लोकसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। अखिलेश यादव साल 2019 में आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। इसके साथ ही आज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने भी लोकसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। ध्यान रहे कि अखिलेश यादव पहली बार यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में करहल विधानसभा सीट से किस्मत आजमाई थी, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की थी। अखिलेश यादव ने अब लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर विधानसभा में विपक्ष की भूमिका निभाने का फैसला किया है।
करहल विधानसभा सीट से चुने गए हैं अखिलेश
गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने 67 हजार 504 वोटों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को करहल सीट पर शिकस्त दी थी। अखिलेश यादव के खिलाफ भाजपा ने केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी बघेल को करहल सीट पर चुनाव मैदान में उतारा था। करहल सीट को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। साल 1993 से ही समाजवादी पार्टी करहल सीट पर जीतती आई है, लेकिन 2002 में भाजपा ने यहां पर जीत दर्ज की थी।