
भारत के दिग्गज उद्योगपति और अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडानी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। गौतम अडानी ने फ्रांस के बिजनेसमैन बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़ कर यह मुकाम हासिल किया है। अब गौतम अडानी से आगे केवल अमेरिका के एलन मस्क और जेफ बेजोस हैं।
$137.4B के साथ गौतम अडानी तीसरे स्थान पर
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के मुताबिक, भारत के दिग्गज अरबपति गौतम अडानी दुनिया में तीसरे सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। गौतम अडानी ने फ्रांस के बिजनेस मैन बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़ कर दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं। गौतम अडानी के पास इस समय 137.4 बिलियन डॉलर (करीब 11 लाख करोड़ रुपए) की कुल संपत्ति है। इस लिस्ट में गौतम अडानी से आगे अमेरिका के 2 अरबपति एलन मस्क और जेफ बेजोस हैं, जो क्रमश: पहले और दूसरे नंबर पर हैं।
लिस्ट में मुकेश अंबानी 11वें नंबर पर
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहली बार है जब किसी एशियाई व्यक्ति ने दुनिया के शीर्ष 3 सबसे धनी लोगों की सूची में जगह बनाई है। भारतीय बिजनेस टाइकून मुकेश अंबानी और चीनी कंपनी अलीबाबा समूह के जैक मा भी इस ऊंचाई तक नहीं पहुंचे हैं। गौतम अडानी, अडानी समूह के सह-संस्थापक हैं, जो देश का सबसे बड़ा पोर्ट ऑपरेटर है, इस समूह को देश का सबसे बड़ा कोयला ट्रेडर भी कहा जाता है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स के ताजा लिस्ट में 91.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी 11वें नंबर पर हैं।
$251.4B के साथ एलन मस्क शीर्ष स्थान पर
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स के ताजा लिस्ट में टेस्ला प्रमुख एलन मस्क की कुल संपत्ति 251.4 बिलियन डॉलर संपत्ति के साथ शीर्ष स्थान पर हैं जबकि आमेजन के संस्थापक और सीईओ जेफ बेजोस की कुल 153.4 बिलियन डॉलर संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में गौतम अडानी से पीछे हुए लुई वुइटन के प्रमुख बर्नार्ड अर्नाल्ट 136 बिलियन डॉलर संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि बिल गेट्स 117.5 बिलियन डॉलर संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
अडानी ने अपने खाते में 2022 में जोड़े $60.9B
गौतम अडानी ने अकेले साल 2022 में अपने खाते में 60.9 बिलियन डॉलर जोड़े हैं, जो किसी और की तुलना में 5 गुना अधिक है। गौतम अडानी ने पहली बार फरवरी 2022 में मुकेश अंबानी को सबसे अमीर एशियाई के रूप में पछाड़ दिया था। अप्रैल 2022 में गौतम अडानी की संपत्ति 100 अरब डॉलर के पार चली गई और पिछले महीने यानि जुलाई 2022 में उन्होंने दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स को पीछे छोड़ दिया था।