भारत के स्टार पहलवानों और केंद्रीय खेल मंत्रालय के बीच आज बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक के बाद विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और केंद्र सरकार से हुई बातचीत के बारे में जानकारी दी। इस दौरान विनेश फोगाट ने कहा कि हिंदुस्तान में एक भी लड़की पैदा नहीं होनी चाहिए, अगर हम भी सुरक्षित नहीं हैं तो।
दूसरे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी
भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ उतरे पहलवानों का दूसरे दिन आज 19 जनवरी 2023 को भी धरना-प्रदर्शन जारी है। वहीं, केंद्रीय खेल मंत्रालय ने पहलवानों को बातचीत के लिए बुलाया, जहां खेल सचिव, SAI के डीजी के साथ पहलवानों की बैठक हुई। बैठक के बाद ये खिलाड़ी वापस जंतर-मंतर पहुंचे। इस दौरान पहलवानों ने कहा है कि जब तक कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को नहीं हटाया जाता है तब तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे। केंद्रीय खेल मंत्रालय के साथ बैठक के बाद विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की।
वो सबूत के साथ बैठी हैं- विनेश
महिला पहलवान विनेश फोगाट लगातार दूसरे दिन नाराज और भावुक देखी गईं। विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष की सफाई पर सीधे घेरा और कहा- बृज भूषण शरण सिंह में हिम्मत है तो, सामने आएं और 2 मिनट बैठकर बात कर लें, वो सामने नहीं बैठ पाएंगे, हमारे पास यहां ऐसी पीड़िताएं हैं, जिनका शोषण हुआ है और वो सबूत के साथ बैठी हैं। विनेश फोगाट ने यहां तक कह दिया कि कार्रवाई नहीं हुई तो 4-5 महिला पहलवान मामले में एफआईआर दर्ज कराएंगी, अगर हम जैसे पहलवानों के साथ ऐसा हो रहा है तो बाकी लड़कियां कितनी सुरक्षित हैं, हिंदुस्तान में एक भी लड़की पैदा नहीं होनी चाहिए, अगर हम भी सुरक्षित नहीं हैं तो।
हमारे आरोप सच्चे हैं- विनेश
विनेश फोगाट ने कहा हमारे आरोप सच्चे हैं, हमें कुश्ती को दोबारा जीवित करना है, हमें सामने आने के लिए मजबूर ना किया जाए, मेरे साथ या किसी अन्य महिला के साथ क्या हुआ, ये सब बताना नहीं चाहते हैं, अगर मजबूर किया गया तो ये कुश्ती का दुर्भाग्य होगा, हम पीएम मोदी से उम्मीद करते हैं कि मांगों पर ध्यान दिया जाएगा।
हम अध्यक्ष को जेल में डलवाएंगे- विनेश
विनेश फोगाट ने कहा कि हम सबूतों को सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं, आरोप झूठे नहीं हैं, हमारे पास सबूत भी हैं और वो पीड़िताएं भी हैं, हम अध्यक्ष को इस्तीफा लेने के साथ उनको जेल में डलवाएंगे। उन्होंने कहा कि हम फेडरेशन को बंद करवाने की मांग कर रहे हैं, ये फेडरेशन रहेगा तो उनके लोग काम करेंगे और फिर परेशान करेंगे, अध्यक्ष को हमारे सामने लेकर आईए, 2 मिनट मेरे सामना नहीं कर पाएंगे, हमें मजबूर किया गया तो एफआईआर दर्ज कराएंगे, हालांकि इससे कई खिलाड़ियों का कैरियर दांव पर लग जाएगा, यूपी में शोषण के कारण कुश्ती खत्म हो गई हैं, अब महाराष्ट्र और केरल में भी कुश्ती खत्म की जा रही हैं।
धरने में शामिल हैं ये पहलवान
ध्यान रहे कि दिल्ली के जंतर मंतर पर बजरंग पुनिया, विनेश फोगट, रवि दहिया, दीपक पुनिया, आशु मलिक, साक्षी मलिक, सतवर्त काद्यान, अंतिम पंघाल, सुमित, सुरजीत मान, सितंदर मोखरिया, संगीता फोगट, सरिता मोर, सोनम मलिक, महावीर फोगाट, सत्य राणा और कुलदीप मलिक धरने पर बैठे हैं।
साजिशन फंसाया जा रहा है- बृज भूषण
खिलाड़ियों के हंगामे के बाद कुश्ती महासंघ बैकफुट पर देखा जा रहा है, यही वजह है कि 22 जनवरी को कुश्ती महासंघ ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। कहा जा रहा है कि बृज भूषण शरण सिंह अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर सकते हैं, इससे पहले उन्होंने आज केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से से फोन पर बातचीत की और अपना पक्ष रखा, बृज भूषण सिंह का कहना था कि उन्हें साजिशन फंसाया जा रहा है, एक भी आरोप में सच्चाई नहीं है।